BA इंग्लिश ऑनर्स में करेंगी अध्ययन, पढ़ाई के साथ भारतीय संस्कृति और व्यवहारिक जीवन मूल्यों की लेंगी शिक्षा
चौरई (CTV) : चौरई नगर एवं क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि गायत्री परिवार से जुड़ी छात्रा धारा साहू का चयन हरिद्वार स्थित प्रतिष्ठित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में BA इंग्लिश ऑनर्स पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। धारा साहू, गायत्री परिवार के संरक्षक सी.एल. साहू की नातिन एवं मनीष साहू की सुपुत्री हैं। उनके चयन की जानकारी मिलते ही गायत्री परिवार सहित परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। सभी ने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसे चौरई के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय में चयन केवल एक शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों से जुड़ने का अवसर भी है। गायत्री परिवार द्वारा संचालित यह विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को पारंपरिक किताबी ज्ञान के साथ व्यवहारिक जीवन, व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति की गहरी समझ प्रदान करने के उद्देश्य से शिक्षा देता है। विश्वविद्यालय का मूल भाव ही ‘मानव में देवत्व का उदय’ करने की दिशा में कार्य करना है।
आज के दौर में विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने का सपना देखते हैं। बड़े-बड़े पाठ्यक्रमों और आधुनिक शिक्षा की ओर विद्यार्थियों का आकर्षण स्वाभाविक है, लेकिन शिक्षा के साथ संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की दिशा में कदम बढ़ाने वाले विद्यार्थी अपेक्षाकृत कम दिखाई देते हैं। ऐसे समय में चौरई की धारा साहू का देव संस्कृति विश्वविद्यालय में प्रवेश लेना न केवल उनके परिवार और गायत्री परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है।
धारा साहू ने चयन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर यह साबित किया है कि आधुनिक शिक्षा और भारतीय संस्कृति एक-दूसरे की विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे की पूरक हो सकती हैं। उनका यह चयन चौरई क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो उच्च शिक्षा के साथ अपने जीवन में संस्कार, संस्कृति और मानवीय मूल्यों को भी स्थान देना चाहते हैं।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार का शैक्षणिक और सांस्कृतिक महत्व व्यापक है। यहां शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम न मानकर व्यक्ति के समग्र विकास और श्रेष्ठ मानव निर्माण से जोड़ा जाता है। ऐसे संस्थान में चौरई की बेटी का चयन निश्चित रूप से क्षेत्र की प्रतिभा और संस्कारों का गौरव बढ़ाने वाला
CTV के लिए श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








