चौरई। गुरुवार देर रात चौरई–सिवनी बायपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर बायपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर मौजूद चार गौवंश को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
इस भीषण दुर्घटना में दो गौवंश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता तत्काल मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने घायल गौवंश का प्राथमिक उपचार कर उन्हें सुरक्षित गौशाला पहुंचाया, वहीं मृत गौवंश का पूरे सम्मान और विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया।
घटनास्थल पर चिंटू दुबे, मनीष रघुवंशी, साहिल चौरसिया, हरिओम तिवारी, चेतन यादव, अमन उइके, राजू धनोरिया, भरत पाल, धीरज शर्मा, सत्यम ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने कार्यकर्ताओं के इस मानवीय एवं सेवाभावपूर्ण कार्य की सराहना की।
बायपास बना हादसों का केंद्र
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चौरई के बायपास मार्गों पर सड़क दुर्घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। लोगों का आरोप है कि पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने, स्पीड रोधकों के अभाव तथा तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन हादसों में कभी राहगीर तो कभी बेजुबान गौवंश अपनी जान गंवा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों की प्रशासन से मांग है कि बायपास मार्गों पर तत्काल हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर स्पीड रोधक, चेतावनी संकेतक तथा तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
लगातार हो रहे हादसे यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर चौरई बायपास पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल कब होगी और निर्दोष लोगों व बेजुबान पशुओं की जान कब तक यूं ही जाती रहेगी?








