वार्ड क्रमांक 12 की महिला समिति की पहल, लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुरू हुई यात्रा; गणेश मंदिर में जलाभिषेक, आरती एवं भंडारे के साथ हुआ समापन

चौरई (CTV) : सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना, भक्ति और आस्था का पर्व माना जाता है। इसी धार्मिक भावना को साकार करते हुए वार्ड क्रमांक 12 स्थित गणेश मंदिर, ड्रीमलैंड सिटी की महिला समिति द्वारा पावन कावड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कावड़ यात्रा में वार्डवासियों सहित नगर के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से हुआ कावड़ यात्रा का शुभारंभ
पावन कावड़ यात्रा का शुभारंभ वार्ड क्रमांक 13 स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, चांद रोड से हुआ। विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं ने कावड़ उठाई और भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए।

यात्रा जैसे-जैसे नगर के विभिन्न मार्गों से आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। जगह-जगह नागरिकों ने कावड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं ओर माता श्री कार्यालय चंद रोड में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा कावड़ियों का पुष्पों से स्वागत किया गया।

पूरे नगर में ‘हर-हर महादेव’, ‘जय महाकाल’, ‘जय भोले’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयघोष गूंजते रहे। सावन की भक्ति में सराबोर वातावरण ने नगरवासियों को धार्मिक आस्था, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
गणेश मंदिर में हुआ जलाभिषेक, आरती और भंडारा
नगर भ्रमण के पश्चात पावन कावड़ यात्रा का समापन वार्ड क्रमांक 12 स्थित गणेश मंदिर, ड्रीमलैंड सिटी में हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने कावड़ में लाए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
जलाभिषेक के पश्चात सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
पार्षद की सक्रिय सहभागिता से मिला प्रोत्साहन
धार्मिक आयोजन में वार्ड पार्षद फरजाना शाहिद मंसूरी की भी सक्रिय सहभागिता रही। वार्ड में धार्मिक, सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में उनकी सहभागिता से आयोजन को प्रोत्साहन मिला।

कावड़ यात्रा को सफल बनाने में महिला समिति, वार्डवासियों एवं नगर के श्रद्धालुओं की सामूहिक सहभागिता रही। सभी के सहयोग और उत्साह से यह आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति का सुंदर संगम बन गया।
आयोजन से जुड़े श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, एकता, सेवा भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
धार्मिक आयोजनों को जन-जन तक पहुंचाने में CTV की पहल
चौरई में आयोजित होने वाले धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसरोकार से जुड़े आयोजनों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से CTV डिजिटल न्यूज़ लगातार स्थानीय सकारात्मक खबरों को प्रमुखता से प्रस्तुत कर रहा है। वीडियो कवरेज के माध्यम से नगर की आस्था, परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता को व्यापक मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।
CTV के लिए कैमरा पर्सन प्रितेश ठाकुर सूरज वर्मा के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट।








