Home अपना शहर दशहरा मैदान में हिंदू सम्मेलन आयोजित, यज्ञ व कलश यात्रा से हुआ...

दशहरा मैदान में हिंदू सम्मेलन आयोजित, यज्ञ व कलश यात्रा से हुआ शुभारंभ

हमारी सुगंध हमारा ब्रांड हमारी संस्कृति में है ना कि स्वदेशी वस्तुओ में – सरस्वती दीदी जी

चौरई नगर के दशहरा मैदान में सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री परिवार द्वारा वैदिक यज्ञ एवं माता मंदिर से निकाली गई जल कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर नगर भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर सहभागिता की।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सरस्वती दीदी जी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा चलाए जा रहे “पंच परिवर्तन” अभियान के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने धर्म, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर देते हुए लोगों से अपने मूल संस्कारों से जुड़े रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने धर्म और परंपराओं का सम्मान करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने नई पीढ़ी के संदर्भ में परिवार और गुरुओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों को अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है। शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए मातृभाषा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संदर्भ में अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंच से श्रीराम संकीर्तन किया गया, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने सामाजिक एकता और समरसता पर जोर देते हुए सभी से मिलजुलकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।

सम्मेलन के पश्चात नगर के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का सम्मान कर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके बाद भारत माता की आरती एवं समरसता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समुदायों के लोगों ने सहभागिता की।कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रदर्शन संयोजक वेद प्रकाश चौरसिया ने किया, जबकि मंच संचालन गजेंद्र राय द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन, स्वयंसेवकों और नगर के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही।