चौरई। क्षेत्र में पदस्थ बीएमओ डॉ. अशोक कुमार सेन द्वारा आहार संबंधी समस्याओं के निदान और लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा एवं एएनएम को संतुलित पोषण, प्रोटीन और आवश्यक पोषक तत्वों की सही मात्रा की जानकारी देकर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
डॉ. सेन स्कूलों और कॉलेजों में भी कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को संतुलित आहार का महत्व समझा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने शासकीय महाविद्यालय पहुंचकर छात्रों को बताया कि गलत और असंतुलित खानपान के कारण आज डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और थायराइड जैसी मेटाबॉलिक बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। यदि लोग निर्धारित मात्रा में संतुलित आहार लें तो इन बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बिना सही जानकारी के लोग दिनभर कुछ भी और कितनी भी मात्रा में खा लेते हैं, जिससे कहीं प्रोटीन की अधिकता तो कहीं कैल्शियम की कमी और कहीं शुगर की मात्रा बढ़ जाती है। यही असंतुलन आगे चलकर गंभीर बीमारियों का कारण बनता है।इस पहल का उद्देश्य आम लोगों तक आहार संबंधी सही जानकारी पहुंचाना है। विद्यार्थियों को विशेष रूप से फास्ट फूड से होने वाले नुकसान, भोजन का सही समय और सही मात्रा के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे स्वयं स्वस्थ रहें और अपने परिवार को भी जागरूक कर सकें।डॉ. सेन ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे पूरे क्षेत्र को बड़ी बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।








