Home अपना शहर *खेल उत्कृष्टता की यात्रा के संदेश के साथ वार्षिक खेल महोत्सव का...

*खेल उत्कृष्टता की यात्रा के संदेश के साथ वार्षिक खेल महोत्सव का शुभारंभ*

*फर्स्ट स्टेप स्कूल में दो दिवसीय खेल उत्सव का आयोजन*

चौरई। नगर के फर्स्ट स्टेप स्कूल में शनिवार को दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का शुभारंभ “खेल उत्कृष्टता की यात्रा” थीम के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक सुजीत सिंह चौधरी, पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे, लखन वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तीरथ सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह रघुवंशी नगर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज खंडेलवाल की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं विद्यालय ध्वजारोहण के साथ किया गया।

उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के संचालक अमित साव, नगर के पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के पहले दिन नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों द्वारा विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं, मार्च-पास्ट, मशाल प्रज्वलन, शपथ ग्रहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

विद्यालय संचालक अमित साव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय के लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थियों की सहभागिता इस आयोजन में रही है। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल भावना, संस्कृति एवं सामाजिक मुद्दों से जोड़ने के उद्देश्य से इस खेल महोत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि पहले दिन नर्सरी से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने प्रस्तुति दी, जबकि दूसरे दिन कक्षा छठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थी सामूहिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

कार्यक्रम में बच्चों के साथ अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों में खेल भावना, अनुशासन और सामाजिक संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।कार्यक्रम के समापन अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रत्येक स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।आज आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालय के विद्यार्थी, नगरवासी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।