
जनपद पंचायत सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में संगठन पदाधिकारियों व अधिकारियों ने किया सम्मान
चौरई: मध्य प्रदेश बुलंद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संगठन द्वारा नगर के जनपद पंचायत सभागृह में सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेविकाओं का पुष्पमालाओं एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम में महिला बाल विकास अधिकारी अभिषेक वर्मा, बीआरसी विजय पवार, संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वरी मेश्राम एवं जिला अध्यक्ष सविता ठाकुर ने संबोधित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि जन्म लेने वाले शिशु से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सीधा जुड़ाव रहता है और उनके अथक प्रयासों से हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिल रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि जब कोई कार्यकर्ता अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा में समर्पित कर देती है, तो सेवानिवृत्ति के अवसर पर उसका सम्मान करना गर्व का विषय होता है। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त सेविकाओं को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई ।
इस अवसर पर संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति शर्मा, चौरई सेक्टर की सुपरवाइजर संतोषी जैन, अफसाना मंसूरी, संजू विश्वकर्मा, लता राजपूत, संध्या परतेती, शिवांगी पाल, जनपद पंचायत से शिवनारायण दुबे, भोलाराम डेहरिया सहित क्षेत्र की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।







