Home अपना शहर माता मंदिर चोरी कांड का खुलासा, चार बाल अपचारी सहित आठ लोग...

माता मंदिर चोरी कांड का खुलासा, चार बाल अपचारी सहित आठ लोग पुलिस की गिरफ्त में

चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल सहित 2.44 लाख रुपये की संपत्ति बरामद, वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी भी जब्त

चौरई। नगर के माता मंदिर में हुई चोरी की घटना में चौरई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए चार बाल अपचारियों सहित कुल आठ लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चांदी की सामग्री, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है। बरामद संपत्ति और जब्त वाहन की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 44 हजार 600 रुपये बताई गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदिग्धों से पूछताछ के दौरान मंदिर में हुई चोरी में चार बाल अपचारियों के साथ चार अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में मंदिर से चांदी के आभूषण एवं अन्य सामग्री चोरी करने तथा चोरी की नकदी आपस में बांटने की बात भी सामने आई। चांदी के आभूषणों को गलवाने के उद्देश्य से एक अन्य व्यक्ति को देने की जानकारी भी पुलिस को मिली।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान करीब एक किलोग्राम वजन के चांदी के आभूषण एवं अन्य सामग्री बरामद की गई, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपये है। इसके अलावा 14 हजार 600 रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी की कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।

चार अन्य आरोपियों की पहचान

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पकड़े गए अन्य चार आरोपियों में बाबू उर्फ अमन दुर्गे (26), अमन घरते (20), सौरभ बरमैया (21) और अनुराग सोनी (28) शामिल हैं। सभी सिवनी जिले के निवासी बताए गए हैं। मामले में शामिल चार बाल अपचारियों की पहचान गोपनीय रखी गई है।

न्यायालय में पेश किए गए आरोपी

पुलिस ने चारों बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड छिंदवाड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया, जबकि अन्य चार आरोपियों को न्यायालय चौरई में पेश किया गया है।

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा एसडीओपी भारती जाट के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चौरई निरीक्षक मोहन सिंह मरस्कोले के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका भी इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण रही।

मंदिर में हुई चोरी की घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा है।