Home अपना शहर बिजली-पानी की समस्या पर भड़के जनपद सदस्य! ग्रामीणों से गाली-गलौज और अभद्रता...

बिजली-पानी की समस्या पर भड़के जनपद सदस्य! ग्रामीणों से गाली-गलौज और अभद्रता करने का आरोप

गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर बुलाई गई थी बैठक, जनपद सदस्य टीकाराम वर्मा के व्यवहार से नाराज ग्रामीणों ने थाना चौरई पहुंचकर सौंपा सामूहिक आवेदन

चौरई। गांव में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर आवाज उठाना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। समस्या के समाधान के लिए आयोजित बैठक उस समय विवाद में बदल गई, जब जनपद सदस्य टीकाराम वर्मा पर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने एकजुट होकर थाना चौरई पहुंचकर सामूहिक शिकायत आवेदन सौंपा तथा संबंधित जनपद सदस्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

प्राप्त शिकायत आवेदन के अनुसार, गांव में लंबे समय से बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण इन समस्याओं से परेशान होकर लगातार समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसी सिलसिले में 27 नवंबर 2026 को गांव में बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें ग्रामवासी एकत्रित होकर अपनी समस्याओं पर चर्चा कर रहे थे। ग्रामीणों का उद्देश्य गांव की बुनियादी जरूरतों से जुड़े मुद्दों को उठाना और उनके निराकरण का रास्ता निकालना था।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान जनपद सदस्य टीकाराम वर्मा बैठक में पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा करने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए, गालियां देने लगे। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वे केवल गांव में बिजली और पानी की व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इससे बैठक का माहौल बिगड़ गया और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने थाना चौरई पहुंचकर थाना प्रभारी के समक्ष अपनी शिकायत प्रस्तुत की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

समस्याओं का जवाब चाहिए, अपमान नहीं

जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग करना ग्रामीणों का अधिकार है। ऐसे में यदि समस्याएं उठाने पर ही लोगों को अपमानजनक भाषा और कथित गाली-गलौज का सामना करना पड़े, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत की जांच की जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जब अपने ही गांव की बिजली-पानी की समस्या को लेकर ग्रामीण एकजुट होकर चर्चा करते हैं, तो उनकी बात सुनने के बजाय विवाद की नौबत क्यों आती है? आखिर जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही जनता के प्रति कब सुनिश्चित होगी? ग्रामीणों को आश्वासन नहीं, अपनी मूलभूत समस्याओं का समाधान चाहिए।