शिक्षक दिवस पर चौरई में सम्मान समारोह, उत्कृष्ट शिक्षकों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

चौरई (CTV): शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की सोच, संस्कार और व्यक्तित्व को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। तकनीक और इंटरनेट के इस दौर में जानकारी भले ही सहज उपलब्ध हो गई हो, लेकिन सही जानकारी का चयन, सकारात्मक सोच और जीवन के उचित मार्ग की समझ विकसित करने में शिक्षक की भूमिका आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। शिक्षक दिवस के अवसर पर चौरई में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा के इसी व्यापक महत्व को रेखांकित किया गया।
नगरपालिका चौरई एवं जनपद पंचायत चौरई के संयुक्त तत्वावधान में अन्नपूर्णा लॉन में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में क्षेत्र के उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके तथा अध्यक्षता सांसद विवेक (बंटी) साहू ने की। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, सौंसर भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़ एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष तथा विधायक पं. रमेश दुबे सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिक्षा राष्ट्र के विकास की आधारशिला

केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रत्येक पर्व और जयंती के पीछे किसी न किसी ऐसे व्यक्तित्व की प्रेरणा होती है, जिसने समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिक्षक दिवस पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर मनाया जाता है, जिन्होंने शिक्षा को राष्ट्र के विकास का महत्वपूर्ण आधार माना।
उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने विषय के विशेषज्ञ होने चाहिए, क्योंकि विषय का गहरा ज्ञान ही विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से समझने और उनके व्यक्तित्व का निर्माण करने में सहायक होता है। उन्होंने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक मजबूत और विकसित समाज की नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही तैयार होती है।
शिक्षक ज्ञान के साथ संस्कार भी देते हैं : सांसद साहू

सांसद विवेक (बंटी) साहू ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षक हमारे जीवन में गुरु के समान होते हैं। वे केवल ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से भी परिचित कराते हैं तथा आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों और समाज को त्योहारों के अवसर पर स्वदेशी वस्तुओं की खरीद के लिए प्रेरित करें, जिससे आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा मिले।
शिक्षा से ही सुदृढ़ समाज की कल्पना : रमेश दुबे

विधायक पं. रमेश दुबे ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए सुदृढ़ समाज के निर्माण की कल्पना की जा सकती है। शिक्षक दिवस पर क्षेत्र के शिक्षकों का सामूहिक रूप से सम्मान किया जाना चौरई के लिए सकारात्मक संदेश है।
उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा के तौर-तरीके जरूर बदले हैं, लेकिन शिक्षक का महत्व कम नहीं हुआ है। आज आवश्यकता इस बात की है कि शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार और सही दिशा भी प्रदान करें।
उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

समारोह के दौरान चौरई विकासखंड के उत्कृष्ट शिक्षक प्रताप कुमार सहित चयनित शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के योगदान को उपस्थित अतिथियों ने सराहा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शरद जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज राधेश्याम रघुवंशी, विधानसभा प्रभारी लखन वर्मा, भाजपा जिला मंत्री नीलू निर्मलकर, नगर मंडल अध्यक्ष मदन राय, नीरज सिंह ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, अलकेश लांबा, बिट्टू मंडराह, रवि मालवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
CTV लाइव के लिए श्याम चौरसिया की रिपोर्ट






