हाई-स्पीड ट्रेनों, खासकर वंदे भारत, ने देश में रेल यात्रा की रफ्तार जरूर बढ़ाई है, लेकिन ट्रैक सुरक्षा की कमजोरियां अभी भी रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। ग्रामीण इलाकों में मवेशियों के अचानक ट्रैक पर आ जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
इससे वंदे भारत ट्रेन का न सिर्फ इंजन डैमेज और देरी जैसी समस्याएं खड़ी होती हैं, बल्कि पूरी रूट की कई ट्रेनें प्रभावित हो जाती हैं। यात्री महंगा किराया चुकाकर सफर तो करते हैं, लेकिन समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते। दूसरी ओर, रेलवे को भी हर वर्ष करोड़ों रुपये का नुकसान झेलना पड़ रहा है।
हल्की टक्कर में भी इंजन को पहुंचता है नुकसान
पिछले कुछ वर्षों में मवेशी-टक्कर की सैकड़ों घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जो इस बात का प्रमाण हैं कि हाई-स्पीड ट्रेनों के लिए अभी स्थायी सुरक्षा समाधान पूरी तरह लागू नहीं हो पाया है। वंदे भारत जैसी तेज ट्रेनों के लिए ये घटनाएं और भी गंभीर हैं, क्योंकि हल्की सी टक्कर भी इनके इंजन और फ्रंट हिस्से को नुकसान पहुंचा देती हैं। 2022-23 में 538, 2024-25 में 101 और 2025 में अब तक 12 मवेशी-टक्कर की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
रेलवे ने चिह्नित किए संवेदनशील स्पाट
रेलवे ने ऐसे सभी संवेदनशील स्पाट चिह्नित कर लिए हैं, जहां इन घटनाओं की संख्या अधिक थी। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैक के दोनों ओर सुरक्षा बाउंड्री बनाने का काम तेज़ी से चल रहा है। कोटा सेक्शन में यह काम पूरा हो चुका है, जबकि भोपाल और जबलपुर क्षेत्रों में कार्य जारी है। उम्मीद है कि बाउंड्री वाल तैयार होने के बाद हाई-स्पीड ट्रेनों के सामने अचानक मवेशी आने की घटनाएं काफी कम हो जाएंगी








