Home खेल साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराया:6 बॉल पर...

साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराया:6 बॉल पर 24 रन चाहिए थे, अफगानिस्तान 19 रन ही बना सका

साउथ अफ्रीका ने टी-20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में टूर्नामेंट के इतिहास का पहला डबल सुपर ओवर देखने को मिला।

ग्रुप-डी के इस मैच के दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 6 गेंदों पर 23 रन बनाकर अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य दिया। टारगेट का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान टीम ने दूसरी ही गेंद पर मोहम्मद नबी का विकेट गंवा दिया।

इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने तीसरी, चौथी व पांचवीं गेंद पर लगातार तीन छक्के जड़ दिए, लेकिन आखिरी बॉल पर आउट हो गए। इससे पहले दूसरे सुपर ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने तीन सिक्स लगाकर साउथ अफ्रीका को 23 रन तक पहुंचाया था।

पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए। साउथ अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स ने फजलहक फारूकी की बॉल पर सिक्स लगाकर स्कोर बराबर किया था।

अफगानिस्तान ने जीता हुआ मैच गंवाया

अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन चाहिए थे। ओवर की पहली ही गेंद पर कागिसो रबाडा ने नो-बॉल फेंकी। उस पर कैच भी हुआ, लेकिन बल्लेबाज आउट नहीं हुए और फ्री-हिट मिल गई। इसके बाद एक वाइड और फिर फ्री-हिट ने साउथ अफ्रीका पर दबाव बढ़ा दिया।

19.2 बॉल पर नूर अहमद ने सिक्स लगाकर मुकाबला अफगानिस्तान की तरफ मोड़ दिया। अब 4 गेंदों पर 5 रन चाहिए थे। अगली गेंद डॉट रही, लेकिन 19.4 पर फिर नो-बॉल हो गई, जिस पर नूर ने दो रन ले लिए और टीम जीत के बेहद करीब पहुंच गई। इसके बाद आखिरी 3 गेंदों पर सिर्फ 2 रन चाहिए थे।

अगली गेंद पर नूर ने लॉन्ग-ऑफ की तरफ शॉट खेला और आसान दो रन का मौका बन गया, लेकिन यहीं मैच पलट गया। दूसरा रन लेते समय फजलहक फारूकी धीमे पड़ गए। रबाडा ने तेजी से गेंद उठाकर बेल्स उड़ा दीं। रिप्ले में साफ दिखा कि फारूकी का बैट हवा में था, जिसके चलते उन्हें रन-आउट दे दिया गया।

मैच का हाल, दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए

इससे पहले दोनों टीमों के बीच मुकाबला टाई रहा। निर्धारित 20 ओवरों में दोनों ने 187-187 रन बनाए। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी।

साउथ अफ्रीका के लिए रायन रिकेल्टन (61) और क्विंटन डी कॉक (59) ने शानदार अर्धशतक जड़े, जबकि डेविड मिलर 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।

अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने 3 विकेट लिए, राशिद खान को 2 सफलताएं मिलीं, वहीं फजलहक फारूकी ने 1 विकेट हासिल किया।

188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान के लिए ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज ने सबसे ज्यादा 84 रन की पारी खेली। साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी ने 26 रन देकर 3 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।