Home Uncategorized राम नाम की गूंज से भक्तिमय हुआ जोड़ा हनुमान मंदिर, सोमवती अमावस्या...

राम नाम की गूंज से भक्तिमय हुआ जोड़ा हनुमान मंदिर, सोमवती अमावस्या पर अखंड संकीर्तन का आयोजन

चौरई (CTV)। सोमवती अमावस्या के पावन एवं पुण्यदायी अवसर पर नगर स्थित जोड़ा हनुमान मंदिर परिसर में राम नाम संकीर्तन ग्रुप द्वारा एक दिवसीय अखंड संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर में “राम नाम” की मधुर स्वर लहरियां गूंज रही हैं, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा है।

प्रातः 7 बजे से प्रारंभ हुए अखंड संकीर्तन में ग्रुप के सदस्य संगीत और भक्ति के समन्वय से भगवान के नाम का गुणगान कर रहे हैं। संकीर्तन की मधुर प्रस्तुति श्रद्धालुओं के मन को आकर्षित कर रही है तथा लोगों को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रही है। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर संकीर्तन का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

राम नाम संकीर्तन ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल भजन-कीर्तन करना ही नहीं, बल्कि समाज में धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना भी है। ग्रुप द्वारा नियमित रूप से नगर में प्रभात फेरी एवं प्रभाती के माध्यम से लोगों को सूर्योदय से पूर्व जागने, ईश्वर स्मरण करने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। विभिन्न धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश भी दिया जाता है।

सोमवती अमावस्या जैसे पुण्य पर्व पर आयोजित यह अखंड संकीर्तन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, साधना और आत्मिक शांति का माध्यम बना हुआ है। आयोजन का समापन सायंकाल भव्य महाआरती एवं प्रसादी भंडारे के साथ होगा, जिसमें नगरवासियों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।

CTV के लिए श्याम चौरसिया की रिपोर्ट।