सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई, फुटपाथ के बाजार को भी कराया व्यवस्थित; पुलिस की पहल की लोगों ने की सराहना
चौरई (CTV) : त्योहारों के चलते नगर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए चौरई पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ ने मुख्य मार्गों पर सक्रियता बढ़ाते हुए सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों और यातायात में बाधा बन रही व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया।
पुलिस द्वारा मुख्य मार्ग के बीच अथवा डिवाइडर के आसपास बेतरतीब तरीके से खड़े किए गए चार पहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई। ऐसे वाहनों पर पुलिस ने हुक लगाकर कार्रवाई की चेतावनी दी है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना भी किया जाएगा।
त्योहार के चलते फुटपाथ और सड़क किनारे लगने वाले बाजार एवं ठेलों के कारण भी यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी। पुलिस स्टाफ ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को व्यवस्थित तरीके से लगाने के निर्देश देते हुए सड़क एवं आवागमन के रास्ते को बाधामुक्त कराया, ताकि पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी न हो।
डिवाइडर को पार्किंग स्थल न समझें
नगर के मुख्य मार्ग पर अक्सर वाहन चालक डिवाइडर के आसपास ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम होने के साथ यातायात बाधित होता है और कई बार आमने-सामने से आने वाले वाहनों के बीच दुर्घटना की स्थिति भी निर्मित हो सकती है। त्योहारों के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने पर यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से होना जरूरी है।
वाहन चालक बरतें जिम्मेदारी, पार्किंग स्थल का ही करें उपयोग
पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि नगर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील है कि वे मुख्य सड़क, डिवाइडर के आसपास अथवा आवागमन में बाधा बनने वाली जगहों पर वाहन खड़ा न करें। अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें, ताकि त्योहार के दौरान सभी नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात मिल सके।
CTV के लिए कैमरा पर्सन अजय सोनी के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट
CTV के लिए कैमरा पर्सन अजय सोनी के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट







