Home अपना शहर अपर आयुक्त की सहजता और आत्मीयता ने जीता मन, युवाओं को कर्मठता...

अपर आयुक्त की सहजता और आत्मीयता ने जीता मन, युवाओं को कर्मठता का संदेश

छिंदवाड़ा (CTV) : जीएसटी विभाग के अपर आयुक्त सपन कुमार सोंटके विभागीय गतिविधियों के निरीक्षण के क्रम में गुड्स एंड सर्विस टैक्स कार्यालय, छिंदवाड़ा पहुंचे। विभागीय कार्यशाला के सफलतापूर्वक समापन के पश्चात उन्होंने अधिवक्ता मुकेश दीक्षित के कर सलाहकार कार्यालय पहुंचने का आग्रह सहर्ष स्वीकार किया। अपर आयुक्त का एक कर सलाहकार के कार्यालय में पहुंचकर वहां उपस्थित स्टाफ एवं व्यापारियों से सीधे संवाद करना विभागीय कार्यशैली में सहजता, आत्मीयता और सकारात्मक सोच का परिचायक बना।

इस अवसर पर श्री सोंटके ने दीक्षित एसोसिएट्स के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कर क्षेत्र में कार्य करने वाले सलाहकार, अधिवक्ता एवं युवा पेशेवर विभाग और करदाताओं के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उपस्थित युवाओं को अपने कार्य के प्रति सजगता, ईमानदारी, निरंतर सीखने और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अपर आयुक्त की सरल और सहज कार्यशैली उस समय भी देखने को मिली, जब उन्होंने औपचारिकता से परे कार्यालय के स्टाफ एवं व्यापारियों से खुलकर बातचीत की और उनके कार्यों तथा अनुभवों को जाना। एक संभागीय स्तर के अधिकारी का कर सलाहकार के कार्यालय पहुंचकर प्रत्यक्ष संवाद करना विभाग एवं करदाताओं के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखा गया।

श्री सोंटके ने अधिवक्ता मुकेश दीक्षित, अधिवक्ता नितिन दुबे, राकेश दीक्षित, अमन सोनी, दीक्षा चौरसिया एवं साक्षी चावले की अपने कार्य के प्रति सजगता एवं समर्पण की सराहना करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पौधा भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

इस आत्मीय मिलन को और अधिक सार्थक बनाते हुए अधिवक्ता मुकेश दीक्षित द्वारा अपर आयुक्त श्री सोंटके को स्मृति स्वरूप औषधीय पौधा भेंट किया गया। पौधा भेंट करने के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण और संतुलित पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश दिया गया।

युवाओं के लिए प्रेरणादायी पहल

कर सलाहकार के रूप में मुकेश दीक्षित एवं दीक्षित एसोसिएट्स द्वारा क्षेत्र में कर संबंधी कार्यों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के साथ युवाओं को इस क्षेत्र में सीखने और अपनी व्यावसायिक पहचान बनाने का अवसर दिया जा रहा है। यही कारण है कि अपर आयुक्त का युवाओं से सीधा संवाद और उनकी कार्यशैली की सराहना उपस्थित लोगों के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायी रही।

CTV के लिए श्याम चौरसिया की रिपोर्ट