Home धर्म जन्माष्टमी पर भक्ति में डूबा चौरई, देर रात तक गूंजे कृष्ण भजन

जन्माष्टमी पर भक्ति में डूबा चौरई, देर रात तक गूंजे कृष्ण भजन

दहीहांडी प्रतियोगिता में नवेगांव मकरिया की टीम ने मारी बाजी, भजन संध्या में हजारों श्रद्धालु झूमे

चौरई (CTV ) : भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की उल्लास और भक्ति से नगर का वातावरण कृष्णमय हो उठा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा चांद रोड पर जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। दिनभर चले कार्यक्रमों के बाद देर रात तक आयोजित भजन संध्या में हजारों कृष्ण भक्त भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

कार्यक्रम का शुभारंभ हवन-पूजन के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता बच्चों को समिति की ओर से पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

शाम को ईनामी दहीहांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुजीत चौधरी मुख्य अतिथि तथा पूर्व विधायक पं. रमेश दुबे कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दहीहांडी फोड़ने के लिए विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रयास किए। रोमांचक मुकाबले के बाद नवेगांव मकरिया की टीम ने दहीहांडी फोड़ने में सफलता हासिल की। विजेता टीम को अतिथियों के हस्ते समिति की ओर से 10 हजार रुपए की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इसके पश्चात भव्य भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। उज्जैन से आए प्रसिद्ध भजन गायक भास्कर पुरोहित तथा जबलपुर से आईं भजन गायिका यशी चौरसिया ने अपनी मधुर आवाज और भावपूर्ण कृष्ण भजनों से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा आयोजन स्थल देर रात तक जय श्रीकृष्ण के जयघोष और भजनों से गूंजता रहा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए।

भजन संध्या का सिलसिला रात्रि करीब दो बजे तक चलता रहा। जैसे-जैसे भजनों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। आयोजन के समापन पर भगवान श्रीकृष्ण की आरती की गई। इसके बाद समिति की ओर से अतिथियों, सहयोगियों, श्रद्धालुओं तथा भजन गायकों सहित साउंड एवं वादन टोली का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तीरथ सिंह ठाकुर, धीरज खंडेलवाल, प्रेमेंद्र साहू, मदन राय, सुरेश बघेल, अमन शर्मा, शिवा शर्मा सहित बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

CTV लाइव के लिए श्याम चौरसिया की रिपोर्ट