सामाजिक सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, क्षेत्र में खुशी का माहौल
छिंदवाड़ा (CTV) : सवर्ण अधिकारी कर्मचारी एवं सामान्य वर्ग उत्थान संगठन ने संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और सामाजिक सरोकारों को गति देने के उद्देश्य से नितिन मिश्रा, निवासी ग्राम परसिया पोस्ट कुंडा, जिला छिंदवाड़ा को संगठन की छिंदवाड़ा जिला इकाई का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष इंजी. अजय तिवारी द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
नियुक्ति पत्र में नितिन मिश्रा की संगठन के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय सहभागिता को देखते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने का उल्लेख किया गया है। संगठन ने विश्वास जताया है कि वे सौंपे गए दायित्व का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए संगठन के उद्देश्यों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बचपन से समाजसेवा के प्रति रहा रुझान
नितिन मिश्रा को मिली नई जिम्मेदारी को लेकर दिनेश मिश्रा, नरेश राजे एवं बेनी सिंह ठाकुर ने बताया कि नितिन का स्वभाव बचपन से ही समाजसेवा की ओर रहा है। पूर्व में भी उन्होंने विभिन्न संगठनों का नेतृत्व करते हुए सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनके नेतृत्व में संबंधित संगठनों की गतिविधियों को क्षेत्र में गति मिली और सामाजिक स्तर पर सक्रियता बनी रही।
उन्होंने कहा कि नितिन मिश्रा की अपार नेतृत्व क्षमता, कर्मठता, विवेक कौशल एवं संगठनात्मक कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उम्मीद है कि वे संगठन को जिले में और अधिक मजबूत करते हुए समाजहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य करेंगे।
मित्रों और क्षेत्रवासियों ने दी शुभकामनाएं
नितिन मिश्रा के जिलाध्यक्ष नियुक्त होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों में प्रसन्नता का माहौल है। अमित सक्सेना, संदीप पांडे, अंकित सक्सेना सहित क्षेत्रवासियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।





