चौरई (CTV):नगर के तुलसी नगर स्थित गायत्री मंदिर में गायत्री जयंती एवं गंगा दशहरा पर्व के पावन अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा एक कुंडीय गायत्री हवन-पूजन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ की पावन आहुतियों और भक्ति संगीत से संपूर्ण वातावरण धर्ममय एवं भक्तिमय हो उठा।
गायत्री परिवार के संरक्षक जगदीश प्रसाद चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि गायत्री परिवार द्वारा समाज में संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए समय-समय पर विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में गायत्री जयंती एवं गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में एक कुंडीय हवन-पूजन संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, तुलसी नगर के श्रद्धालुओं एवं गायत्री परिवार के परिजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं तथा विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा की कामना की। यज्ञ स्थल पर गूंजते वैदिक मंत्रों और श्रद्धालुओं की सामूहिक उपस्थिति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर यज्ञ कर्मकांड में सहयोग कर रहे युवा साधकों ने भक्ति संगीत एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया। उनकी मधुर प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा धार्मिक उत्सव में नई ऊर्जा का संचार किया।
CTV के लिए कैमरा पर्सन शुभांशु के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








