जिला पंचायत सभाकक्ष छिंदवाड़ा में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना अंतर्गत धान प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम आज जिला बालाघाट की तहसील कटंगी में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से वर्ष 2024-25 की धान प्रोत्साहन राशि का अंतरण किसानों के बैंक खातों में किया।
कार्यक्रम में छिंदवाड़ा जिले से उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में लगभग 2000 किसानों ने सहभागिता की। जिले की ओर से कार्यक्रम स्थल पर दो विभागीय स्टॉल लगाए गए थे। इनमें जिले के मिलेट्स एवं उनसे बने उत्पाद, स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुएँ, प्राकृतिक खेती से उत्पादित सामग्री तथा वनोपज का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष छिंदवाड़ा में किया गया। यहां किसानों को वर्चुअल माध्यम से मुख्य कार्यक्रम से जोड़ा गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में श्री शेषराव यादव, श्री संजय सक्सेना, श्री मेरसिंह चौधरी, श्री संजय पटेल, संतोष पटेल, श्री अलकेष साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अतिरिक्त कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के प्रगतिशील किसानों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक खेती एवं फसल विविधीकरण जैसे प्रयासों की विशेष रूप से चर्चा की। श्री शेषराव यादव ने भी इन नवाचारों की सराहना करते हुए किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिले के चंदनगांव के प्रगतिशील किसान श्री संजय गुप्ता एवं ग्राम खजरी के श्री राहुल वसूले ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि आधुनिक तकनीक एवं प्राकृतिक तरीकों से खेती करने से उत्पादन और आय में किस प्रकार वृद्धि हुई है।
