Home खेल ओमान से भिड़ेगी होम टीम श्रीलंका:दोनों टी-20 में पहली बार आमने-सामने; इंजर्ड...

ओमान से भिड़ेगी होम टीम श्रीलंका:दोनों टी-20 में पहली बार आमने-सामने; इंजर्ड वनिंदू हसरंगा टूर्नामेंट से बाहर हुए

श्रीलंका और ओमान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का 16वां मैच रविवार को श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसका टॉस 10.30 बजे होना है। खास बात है कि दोनों टीमें टी-20 में पहली बार आमने-सामने होंगी।

मैच से पहले श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर वनिंदू हसरंगा चोट के कारण टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए। आयरलैंड के खिलाफ ओपनिंग मैच के दौरान उनकी बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इससे पहले तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा भी कंधे में लगी चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

वर्ल्ड कप में 2 ही मैच जीत सका ओमान

टी-20 इंटरनेशल में श्रीलंका और ओमान पहली बार आपस में भिड़ेंगे। दोनों टीमें 2023 के वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफायर में आमने-सामने हुई थीं। तब श्रीलंका ने ओमान को 98 रन पर ऑलआउट कर 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया था।टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमों की परफॉर्मेंस बिल्कुल उलट रही है। श्रीलंका ने 55 में से 34 मैच जीते हैं, टीम ने 2014 में भारत को फाइनल हराकर टाइटल भी जीता था। वहीं ओमान 11 में से 2 ही मुकाबले जीत पाया।