Home Uncategorized प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में सदस्यता अभियान का शुभारंभ, 100 से...

प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में सदस्यता अभियान का शुभारंभ, 100 से अधिक किसान जुड़े

चौरई :मध्य प्रदेश शासन द्वारा कृषक कल्याण के अंतर्गत बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में नवीन सदस्य जोड़ने के अभियान का शुभारंभ चौरई में किया गया। इस अवसर पर सेवा सहकारिता समिति कार्यालय में कृषक संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के 100 से अधिक किसानों ने नई सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक राजेश रैकवार एवं उपायुक्त जी.एस. डेहरिया प्रशासक मोहम्मद आरिफ कुरैशी ने किसानों को संबोधित करते हुए सहकारी समितियों के माध्यम से शासन द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

महाप्रबंधक रैकवार ने बताया कि वर्तमान टोकन प्रणाली के माध्यम से किसानों को उनकी सुविधा अनुसार खाद उपलब्ध हो रही है, जिससे छोटे और बड़े किसानों के बीच का अंतर समाप्त हुआ है। उन्होंने किसानों से अपील की कि बोनी के समय किसी प्रकार की समस्या से बचने के लिए अभी से खाद का भंडारण कर लें।संगोष्ठी में किसानों की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए चलाई जा रही जमा योजना की जानकारी भी दी गई, जिससे उनकी शिक्षा एवं भविष्य सुरक्षित हो सके।

इस अवसर पर अतर लाल वर्मा, मनोज लिलहरे, बलवंत वर्मा, रंजीत ठाकुर, सुंदरलाल वर्मा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक राकेश साहू, सहायक प्रबंधक सतीश राय, संतोष रघुवंशी, मोहन पांडे, राधेश्याम रघुवंशी, सूरज वर्मा, इमरान खान, रमेश वर्मा, इंद्र कुमार वर्मा सहित विभिन्न समितियों के प्रबंधक एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।