Home अपना शहर अज्ञात कारणों से लगी आग, गांव में मचा हड़कंप

अज्ञात कारणों से लगी आग, गांव में मचा हड़कंप

फायर ब्रिगेड नहीं मिलने से कई गांव प्रभावित, प्रशासनिक मदद नदारद

चौरई : भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के चलते क्षेत्र में आग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी क्रम में चौरई से लगे ग्राम कामती गुरैया क्षेत्र में आज सुबह लगभग 11 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

आग की लपटें गांव तक पहुंचते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।

ग्रामीणों द्वारा तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन चौरई नगर पालिका में मौजूद फायर वाहन खराब होने के कारण मौके पर नहीं पहुंच सका। प्रशासनिक मदद नहीं मिलने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई गांव इसकी चपेट में आ गए।

बताया जा रहा है कि एक दिन पूर्व ही ग्राम हथनी में भी आग की घटना में गन्ने की खड़ी फसल जलकर खाक हो गई थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

किसानों ने बताया कि खेतों में फसल कटकर रखी हुई है, जिससे आग लगने का खतरा और बढ़ गया है। वहीं ग्रामीण अंचलों में आग बुझाने के पर्याप्त साधन और पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो रही है।