Home Uncategorized भाजपा सरकार में महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर : पवन पाटीदार

भाजपा सरकार में महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर : पवन पाटीदार

चौरई कार्यक्रम में व्यवस्थाओं को लेकर महिलाओं ने जताई नाराजगी, पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल

चौरई (CTV) : नगर के स्थानीय कम्युनिटी हॉल में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार के एक दिवसीय प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में महिलाएं लगातार आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में लाड़ली बहना योजना, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, बैंक सखी, स्कूटी वितरण सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं को समाज की प्रेरणाशक्ति बताते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।

हालांकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर कुछ महिलाओं ने असंतोष भी व्यक्त किया। उपस्थित महिलाओं के अनुसार कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे बताया गया था, जबकि मुख्य कार्यक्रम दोपहर लगभग 1 बजे प्रारंभ हो सका। इस बीच भीषण गर्मी के कारण लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। महिलाओं का कहना था कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

महिलाओं ने अपेक्षा व्यक्त की कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में बड़ी संख्या में आने वाले प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, बैठने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए, जिससे कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।

प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार के आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, विधानसभा प्रभारी लखन कुमार वर्मा, भाजपा नेता बंटी पटेल, ऋषि कुमार वर्मा, नगर पालिका सभापति नीलू निर्मलकर, श्रीराम चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

CTV के लिए कैमरा पर्सन शुभांशु सिरोहीया के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट