ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने गृह ग्राम से जुड़े परिवार के बीच बिताए स्नेहपूर्ण पल, साझा किया अपनत्व का भाव
चौरई (CTV) : भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार अपने एक दिवसीय छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने रिश्तों की मिठास और पारिवारिक संस्कारों का भी परिचय दिया।

सिवनी से छिंदवाड़ा जाते समय चौरई पहुंचने पर उनका विभिन्न स्थानों पर आत्मीय स्वागत किया गया। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि चौरई के प्रतिष्ठित खंडेलवाल परिवार की पुत्री अपर्णा का विवाह उनके गृह क्षेत्र नीमच में हुआ है तथा दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध हैं। यह जानकारी मिलते ही श्री पाटीदार अपने सहयोगियों के साथ सीधे खंडेलवाल परिवार के निवास पहुंचे।
यह मुलाकात किसी औपचारिक राजनीतिक कार्यक्रम की नहीं, बल्कि रिश्तों की गर्मजोशी और पारिवारिक अपनत्व की मिसाल बन गई। परिवारजनों से आत्मीय भेंट, कुशलक्षेम पूछने और पुराने संबंधों की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में पद और दायित्व महत्वपूर्ण हैं, लेकिन रिश्तों की मधुरता और परिवारों के बीच का स्नेह सबसे बड़ी पूंजी होती है।

इस अवसर पर सभी ने एक साथ स्वल्पाहार ग्रहण किया तथा पारिवारिक वातावरण में लंबे समय तक चर्चा का दौर चला। श्री पाटीदार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि चौरई आकर उन्हें अपनेपन और आत्मीयता का जो भाव मिला, वह सदैव उनकी स्मृतियों में अंकित रहेगा।
मुलाकात के दौरान खंडेलवाल परिवार के वरिष्ठ सदस्य जुगलकिशोर खंडेलवाल चंद्र किशोर खंडेलवाल सहित समस्त परिवारजन उपस्थित रहे। वहीं भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष राम चौरसिया, स्थानीय पदाधिकारी एवं समाजसेवी भी मौजूद रहे।
CTV के लिए कैमरा पर्सन शुभांशु सिरोहीया के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








