Home Uncategorized सीतापार चौक के पास स्कॉर्पियो-पिकअप की भीषण भिड़ंत, चालक की मौत, पांच...

सीतापार चौक के पास स्कॉर्पियो-पिकअप की भीषण भिड़ंत, चालक की मौत, पांच गंभीर

हादसे के बाद पिकअप चालक व सहायक मौके से फरार, घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

चौरई (CTV)। चौरई नगर के बाईपास स्थित सीतापार चौक के समीप बुधवार को स्कॉर्पियो और पिकअप वाहन के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में स्कॉर्पियो चालक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद पिकअप वाहन का चालक और सहायक मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन सिवनी से जाम सावली की ओर जा रहा था। इसी दौरान सीतापार चौक के समीप छिंदवाड़ा की ओर से आ रहे पिकअप वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरई पहुंचाया।

हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौत हो गई, जबकि पांच घायलों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण स्थानीय लोगों की मदद से निजी एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को छिंदवाड़ा भेजा गया।

घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे नगर निरीक्षक

हादसे की सूचना मिलते ही चौरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों की स्थिति एवं घटना की जानकारी लेने नगर निरीक्षक मोहन मर्सकोले पहुंचे। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

रफ्तार और लापरवाही पर कब लगेगा अंकुश?

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा लंबे समय से है कि कई मालवाहक पिकअप वाहन कम समय में अधिक चक्कर लगाने की जल्दबाजी में तेज गति से चलते हैं। सब्जी सहित अन्य सामान लेकर चलने वाले कुछ वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।

सबसे गंभीर पहलू यह है कि हादसे के बाद पिकअप चालक और सहायक के मौके से चले जाने की बात सामने आई है। यदि इसकी पुष्टि होती है तो दुर्घटना के बाद घायलों की मदद करने के बजाय मौके से भाग जाना भी गंभीर चिंता का विषय है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार मालवाहक वाहनों की नियमित जांच, गति नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन की प्रभावी निगरानी जरूरी है। सवाल यह है कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन और यातायात पुलिस कब ठोस कदम उठाएगी? समय रहते सख्ती नहीं की गई तो रफ्तार की यह लापरवाही आगे भी किसी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति का कारण बन सकती है।

*CTV के लिए कैमरामैन सत्यम ठाकुर के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट*