
तुलसी नगर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
चौरई :(CTV) नगर के तुलसी नगर में आयोजित साप्ताहिक श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बना हुआ है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं। कथा का आयोजन तुलसी नगर महिला मंडल द्वारा भक्तिभाव एवं सेवा भावना के साथ किया जा रहा है।

व्यास पीठ से पंडित पुरुषोत्तम तिवारी जी महाराज अपने ओजस्वी एवं मधुर वचनों से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा के दौरान आज भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा मिलन प्रसंग का अत्यंत मार्मिक एवं प्रेरणादायक वर्णन किया गया। महाराज श्री ने बताया कि सच्ची मित्रता कभी धन-दौलत की मोहताज नहीं होती, बल्कि प्रेम, विश्वास और आत्मीयता ही जीवन का सबसे बड़ा धन है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने परम मित्र सुदामा का जिस प्रेम और सम्मान से स्वागत किया, वह मानव जीवन को विनम्रता, मित्रता और सेवा का संदेश देता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल “राधे-कृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा।

कथा श्रवण के लिए नगर के व्यापारी वर्ग, वरिष्ठजन, महिलाओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में डूबकर कथा का आनंद लिया। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण, भजनों की मधुर धुन और धार्मिक ऊर्जा ने सभी को आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर कर दिया।
तुलसी नगर महिला मंडल द्वारा कथा आयोजन की व्यवस्थाएं भी अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सेवा भाव से की जा रही हैं, जिसकी श्रद्धालुओं द्वारा सराहना की जा रही है।
CTV के लिए कैमरा पर्सन शुभांशु के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट







