स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में खानपान, योग और संतुलित जीवनशैली पर दिया गया विशेष संदेश
चौरई : (CTV) स्वस्थ समाज के निर्माण और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चौरई ब्लॉक अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। अवकाश के दिन आयोजित इस विशेष शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों, आशा सहयोगिनियों एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

शिविर में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सेन ने संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि “बीमारियों की सबसे बड़ी जड़ अव्यवस्थित खानपान है। दवाइयों से बीमारी नियंत्रित हो सकती है, लेकिन पूर्ण रूप से स्वस्थ रहने के लिए सही भोजन और नियमित दिनचर्या बेहद आवश्यक है।”
उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने शरीर के वजन के बराबर ग्राम प्रोटीन प्रतिदिन लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रोटीन केवल मांसाहारी भोजन से ही नहीं मिलता, बल्कि सोयाबीन, पनीर और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों से भी पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है।

डॉ. सेन ने कैल्शियम और विटामिन की कमी को वर्तमान समय की गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि सफेद तिल, काला तिल, सलाद एवं पौष्टिक आहार को नियमित भोजन में शामिल कर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक समय रहते अपने भोजन और जीवनशैली में सुधार कर लें तो स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जीना संभव है।

कार्यक्रम में सलाम मंसूरी एवं संगीता परिहार ने भी स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारियां साझा कीं। वहीं योग प्रशिक्षक रामपाल वर्मा ने योग के माध्यम से शरीर और मन को स्वस्थ रखने के आसान उपाय बताए।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी, पूनम सीगोंतिया, पत्रकार श्याम चौरसिया, कैमरा पर्सन शुभांशु सिरोहिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य जागरूकता शिविर ने लोगों को यह संदेश दिया कि स्वस्थ जीवन का आधार महंगी दवाइयां नहीं, बल्कि संतुलित भोजन, नियमित योग और जागरूक जीवनशैली है।
CTV के लिए कैमरा पर्सन शुभांशु के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








