प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को 75 साल के हो गए। उनके जन्मदिन के मौके पर बीजेपी ने सेवा पखवाड़ा नाम से 15 दिन का एक विशेष अभियान शुरू किया है, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान देशभर में कई कार्यक्रम होंगे, जैसे स्वास्थ्य शिविर, सफाई अभियान, मेलों का आयोजन और जागरूकता अभियान। इसका मकसद लोगों तक सरकार की योजनाएं और सेवाएं पहुंचाना है। पीएम मोदी इस दिन मध्य प्रदेश के धार जिले में एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे हैं। यहां वे महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी एक बड़ी योजना की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही वे जनजातीय समुदाय के लिए भी कुछ विकास योजनाओं की घोषणा करेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं, सहयोगी दलों और अन्य पार्टियों के सदस्यों ने मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। मोदी ने 2014 से बीजेपी को कई चुनावों में जीत दिलाई है और पार्टी को देश के अलग-अलग हिस्सों तक फैलाया है। जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद मोदी भारत के तीसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता हैं।
निरंतर कर्म ही उनका धर्म है- शिवराज सिंह
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “आज पूरा देश खुशी मना रहा है। 140 करोड़ भारतीय अपने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना कर रहे हैं। उनका जन्मदिन सिर्फ़ मौखिक शुभकामनाओं से नहीं मनाया जा सकता। निरंतर कर्म ही उनका धर्म है। हमने आज पौधारोपण अभियान चलाया है।”
पीएम मोदी मेरे हमेशा अच्छा दोस्त रहे हैं- ब्रिटेन के पूर्व पीएम
पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर, यूनाइटेड किंगडम के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। इस अनिश्चित समय में, हम सभी को अच्छे दोस्तों की जरूरत है और मोदी जी हमेशा मेरे और ब्रिटेन के अच्छे दोस्त रहे हैं। मुझे ब्रिटेन-भारत संबंधों को लगातार मजबूत होते देखकर खुशी हो रही है। मुझे पता है कि हम दोनों ने हाल ही में इंग्लैंड-भारत टेस्ट सीरीज़ का आनंद लिया, जो इस बात की याद दिलाती है कि हमारे दोनों देश कितनी समानताएं रखते हैं। एक ब्रिटिश-भारतीय परिवार से होने के नाते, इस रिश्ते का मेरे दिल में हमेशा एक खास स्थान रहेगा। मुझे 2023 में जी20 के लिए प्रधानमंत्री के रूप में अक्षता के साथ भारत की यात्रा हमेशा याद रहेगी। यह विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा के अनुरूप एक शानदार आयोजन था। मोदीजी, मैं आपको आपके जन्मदिन की शुभकामनाएँ देता हूँ और जल्द ही आपसे मिलने की आशा करता हूं।”
मुख्यमंत्री योगी ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “140 करोड़ भारतीयों की आशाओं-आकांक्षाओं के संवाहक, वैश्विक मंच पर ‘नए भारत’ को अग्रिम पंक्ति में प्रतिष्ठित करने वाले, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, हम सभी के मार्गदर्शक, ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई!”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। वे स्वस्थ और प्रसन्न रहें और इसी तरह देश का नेतृत्व करते रहें। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर, 2014 को शुरू किया गया स्वच्छता अभियान एक जन आंदोलन बन गया है। हमें विश्वास है कि राजस्थान के हमारे सभी भाई-बहन इस सेवा पखवाड़े से लाभान्वित होंगे।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को बधाई दी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।”