धार्मिक आस्था, संस्कृति और परिवारिक मूल्यों से जुड़ा पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया
चौरई : (CTV) नगर में बट सावित्री व्रत श्रद्धा, आस्था एवं भारतीय संस्कृति की परंपराओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने नगर के थाना परिसर के समीप स्थित वट वृक्ष, ब्राह्मणी मोहल्ला, छोटी बाजार, कुंडा फाटक सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सामूहिक रूप से विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा अपने पति की लंबी आयु एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक परिधानों एवं पूर्ण श्रृंगार के साथ वट वृक्ष स्थल पर पहुंचीं। महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर पूजा की तथा धार्मिक कथा का श्रवण किया। पूजा स्थलों पर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। महिलाओं ने बताया कि बट सावित्री व्रत भारतीय संस्कृति और वैवाहिक जीवन की अटूट आस्था का प्रतीक है। यह पर्व केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि परिवारिक मूल्यों, समर्पण और संस्कारों को भी मजबूत करने का संदेश देता है।

महिलाओं ने कहा कि इस व्रत के माध्यम से भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति, त्याग, समर्पण और परिवार के प्रति जिम्मेदारी की भावना को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। नगर के विभिन्न पूजा स्थलों पर सामूहिक रूप से की गई पूजा ने सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द का भी संदेश दिया।
CTV के लिए कैमरामैन शुभांशु के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








