Home Health सुरक्षित प्रसव और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर आशा पर्यवेक्षकों को दिया गया...

सुरक्षित प्रसव और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर आशा पर्यवेक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण

बीएमओ डॉ. अशोक कुमार सेन ने कहा — “सही आहार और जागरूकता से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव”

चौरई : (CTV ) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरई में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आशा पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को सुरक्षित प्रसव, संतुलित आहार तथा शासकीय स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सेन ने आशा पर्यवेक्षकों को विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया।

डॉ. सेन ने कहा कि आज कई गंभीर बीमारियों पर दवाइयों से नियंत्रण संभव है, लेकिन स्वस्थ जीवनशैली और संतुलित खान-पान अपनाकर बीमारियों को हमेशा के लिए दूर रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में लोग पौष्टिक आहार नहीं ले पा रहे हैं, जिसके कारण बीपी, शुगर और थायराइड जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कार्बोहाइड्रेट, कैल्शियम एवं प्रोटीन युक्त भोजन को दैनिक जीवन में शामिल करने की सलाह दी।

प्रशिक्षण के दौरान आशा पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दें और शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में सुरक्षित प्रसव को लेकर भी विशेष जागरूकता दी गई। डॉ. सेन ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ, विशेष रूप से गुटखा एवं तंबाकू का सेवन मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के लिए हानिकारक हो सकता है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में ऐसी जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित महिलाओं को समझाइश देकर जागरूक करें, ताकि सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि व्यक्तिगत संपर्क और जनजागरूकता के माध्यम से हर नागरिक तक पहुंचना जरूरी है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी पूनम सिगोतिया सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

CTV के लिए कैमरामैन शुभांशु के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट