ध्रुव चरित्र प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, कथा पंडाल में गूंजे भक्ति रस के स्वर
चौरई :(CTV) नगर के तुलसी नगर क्षेत्र में इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और धर्ममय वातावरण के बीच श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन बड़े ही भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। कथा का आयोजन तुलसी नगर महिला समिति द्वारा किया गया है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
कथा का वाचन व्यास पीठ से परम श्रद्धेय पुरुषोत्तम तिवारी जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। उनके मुखारविंद से निकली भागवत कथा का रसपान कर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर हो रहे हैं। कथा स्थल पर प्रतिदिन धार्मिक भजनों, मंत्रोच्चार और भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिवस पर व्यास पीठ से ध्रुव चरित्र का अत्यंत मार्मिक एवं प्रेरणादायक वर्णन किया गया। महाराज श्री ने बताया कि किस प्रकार बालक ध्रुव ने कठिन तपस्या और अटूट भक्ति के बल पर भगवान श्रीहरि की कृपा प्राप्त की तथा संसार को अडिग श्रद्धा और संकल्प का संदेश दिया। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु ध्रुव चरित्र की कथा सुन भाव-विभोर हो उठे और पूरे पंडाल में भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
महिला समिति की ओर से कथा आयोजन की व्यवस्थाएं भी श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ की जा रही हैं। आयोजन में नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों एवं महिलाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिल रही है। कथा के समापन पर प्रतिदिन प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है।
CTV के लिए कैमरामैन शुभांशु के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








