चौरई प्रवास के दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
चौरई (CTV) : भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति तक सीमित दल नहीं है, बल्कि वर्षभर जनता के बीच रहकर जनकल्याण और संगठन सशक्तिकरण का कार्य करने वाली पार्टी है। इसी उद्देश्य के तहत उनका एक दिवसीय प्रवास आयोजित किया गया है, जिसमें वे कार्यकर्ताओं एवं आमजन से सीधे संवाद कर रहे हैं।
छिंदवाड़ा प्रवास पर जाते समय चौरई पहुंचने पर पाटीदार का नगर में विभिन्न स्थानों पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सिवनी रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष श्रीराम चौरसिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं एवं आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद नगर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा।
पाटीदार ने पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे के कार्यालय, कम्युनिटी हॉल, विधानसभा प्रभारी कार्यालय एवं सेवा सदन कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा संगठन की गतिविधियों और सरकार की जनहितकारी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए कार्य करना है।
मीडिया से चर्चा करते हुए पाटीदार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी राजनीतिक संगठन है जो 24 घंटे, सातों दिन जनता के बीच सक्रिय रहती है। पार्टी कार्यकर्ता निरंतर समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क बनाए रखते हैं और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के नियमित प्रवासों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना, संगठन को मजबूत करना तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है।
राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो भाजपा संगठन द्वारा प्रदेशभर में किए जा रहे ऐसे प्रवास आगामी समय में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सरकार की उपलब्धियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं। इससे कार्यकर्ताओं में सक्रियता बढ़ने के साथ जनता और संगठन के बीच संवाद भी मजबूत हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा के जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
CTV के लिए कैमरा पर्सन शुभांशु सिरोहीया के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








