नगर के मिलन लॉन में आयोजित हुआ भव्य जन्मोत्सव समारोह
चौरई (CTV) : जन्मदिन केवल एक व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि रिश्तों को सहेजने और समाज के प्रति अपने अपनत्व को व्यक्त करने का अवसर भी होता है। ऐसा ही भावनात्मक और आत्मीय वातावरण नगर के मिलन लॉन में देखने को मिला, जहां भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अध्यक्ष मदन राय एवं उनकी पुत्री वेदिका राय का जन्मदिन समारोह बड़े उत्साह और पारिवारिक माहौल में मनाया गया।

समारोह में नगर सहित क्षेत्र भर के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, मित्रगण, परिवारजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मदन राय एवं वेदिका के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उस समय रहा जब छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू समारोह में पहुंचे। उन्होंने स्नेहपूर्वक मदन राय को अपने छोटे भाई के रूप में संबोधित करते हुए केक कटवाया और आत्मीय शुभकामनाएं प्रदान कीं। सांसद साहू ने कहा कि समाज और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनके सुख-दुख में सहभागी होना ही भारतीय संस्कृति की पहचान है।

इस अवसर पर क्षेत्र के पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, विधानसभा प्रभारी लखन कुमार वर्मा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष शैलेंद्र रघुवंशी सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मदन राय के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह का माहौल पूरी तरह पारिवारिक और आत्मीय रहा। मंच पर शुभकामनाओं का सिलसिला चलता रहा तो दूसरी ओर वर्षों पुराने मित्र, कार्यकर्ता और शुभचिंतक एक-दूसरे से मिलकर पुरानी यादें ताजा करते नजर आए। कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और संगठनात्मक एकता का सुंदर संदेश दिया।
जन्मोत्सव के उपरांत उपस्थित सभी अतिथियों, नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ भोजन ग्रहण कर आनंद लिया। इस सामूहिक सहभोज ने समारोह को केवल जन्मदिन तक सीमित न रखकर एक बड़े पारिवारिक मिलन समारोह का स्वरूप प्रदान कर दिया।
CTV के लिए कैमरा पर्सन शुभांशु के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








