Home अपना शहर मोहर्रम पर भाईचारे की मिसाल: चौरई में 6 स्थानों पर सामूहिक लंगर,...

मोहर्रम पर भाईचारे की मिसाल: चौरई में 6 स्थानों पर सामूहिक लंगर, सर्वधर्म सद्भाव का दिखा सुंदर संदेश

चौरई (CTV) : मोहर्रम पर्व के पावन अवसर पर चौरई नगर में मुस्लिम समुदाय द्वारा छह स्थानों पर सामूहिक लंगर का आयोजन कर सामाजिक सौहार्द, सेवा और आपसी भाईचारे की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की गई। नगर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने लंगर में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और इस आयोजन की सराहना की।

नगर के शासकीय कन्या शाला के समीप, पुलिस थाना परिसर के पास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप, सब्जी बाजार क्षेत्र, मस्जिद के पास सहित कुल छह स्थानों पर लंगर की व्यवस्था की गई। सुबह से ही मुस्लिम समाज के वरिष्ठजन एवं युवाओं ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ व्यवस्थाएं संभालीं तथा आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आत्मीय स्वागत किया।

लंगर में नगर के नागरिक, व्यापारी, समाजसेवी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि तथा पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक साथ बैठकर लंगर ग्रहण किया, जिससे सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश और अधिक मजबूत हुआ।

आयोजन के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में चौरई पुलिस स्टाफ तथा तहसील के कोटवारों ने सक्रिय सहयोग किया। उनके समन्वय से लंगर स्थल पर व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।

CTV के लिए श्याम चौरसिया की रिपोर्ट