बारिश में निर्माण कार्य की लापरवाही आई सामने, स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
चौरई (CTV): नगर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित संतुष्टि लॉन के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर निर्माण कार्य के बाद फैली मिट्टी बारिश में फिसलन बन गई, जिसके कारण एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक बाईपास मार्ग से सिवनी की ओर जा रहा था। संतुष्टि लॉन के पास सड़क पर पड़ी गीली मिट्टी के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाली में उतर गई। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 9 से 10 तक कुछ समय पूर्व नाली निर्माण कार्य कराया गया था। निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी और अन्य सामग्री सड़क पर ही छोड़ दी गई। हल्की बारिश के बाद यही मिट्टी फिसलन का कारण बन रही है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में कई दोपहिया वाहन चालक भी इसी स्थान पर फिसलकर गिर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने सड़क की सफाई और सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
नगरवासियों ने इस घटना को निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही का परिणाम बताते हुए नगर पालिका प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क पर फैली मिट्टी एवं मलबे को तत्काल हटाया जाए। साथ ही बारिश के मौसम में दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
CTV के लिए कैमरामैन शरीफ मंसूरी के साथ श्याम चौरसिया की रिपोर्ट








