Home अपना शहर चौरई नगर पालिका में हंगामा, अव्यवस्था के विरोध में जनता-पार्षदों ने लगाया...

चौरई नगर पालिका में हंगामा, अव्यवस्था के विरोध में जनता-पार्षदों ने लगाया ताला

CMO की अनदेखी, कर्मचारियों की मनमानी से बढ़ी नाराजगी, पेयजल संकट बना बड़ा मुद्दा

चौरई (छिंदवाड़ा) :चौरई नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर में मूलभूत सुविधाओं की कमी और कर्मचारियों की मनमानी से परेशान जनता व पार्षदों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा।बताया जा रहा है कि नगर पालिका में CMO की बात तक नहीं सुनी जा रही है और कर्मचारी अपनी मनमर्जी से काम कर रहे हैं। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष की उदासीनता भी चर्चा का विषय बनी हुई है, जिससे नगर का विकास प्रभावित हो रहा है।इसी स्थिति से नाराज होकर नगर पालिका परिषद के पार्षदों ने आम नागरिकों के साथ मिलकर नगर पालिका कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया और ताला जड़ दिया। इस दौरान CMO अभय राज सिंह, उपयंत्री शेख आशिक एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

पेयजल संकट गहराया:

नगर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति अनियमित हो गई है। नागरिकों का आरोप है कि 5-5 दिन के अंतराल में पानी मिल रहा है, जिससे भीषण गर्मी में हालात और खराब हो रहे हैं। नगर पालिका द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है।

टैक्स पूरा, सुविधा अधूरी

:नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा टैक्स तो पूरा वसूला जा रहा है, लेकिन सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। सफाई, पानी और निर्माण कार्यों में लापरवाही साफ नजर आ रही है।

कार्यालय में नहीं मिलते कर्मचारी:

लोगों का कहना है कि नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं रहते। दोपहर के समय कार्यालय खाली मिलना आम बात हो गई है, जिससे आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा।

विकास कार्य ठप:

नगर पालिका परिषद की बैठकों में विकास कार्यों पर गंभीर चर्चा नहीं हो रही है। पार्षदों ने अध्यक्ष की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं और कहा कि नगर विकास की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। नगर पालिका की वर्तमान स्थिति से नागरिकों में भारी नाराजगी है। यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज होने की संभावना है।