चौरई : (CTV) नगर की धर्मपरायण एवं समाजसेवी वरिष्ठ महिला श्रीमती सीताबाई भारद्वाज के निधन से पूरे चौरई नगर में शोक की लहर व्याप्त हो गई। रविवार सुबह उनके निधन का समाचार मिलते ही बड़ी संख्या में नागरिक, समाजजन एवं शुभचिंतक उनके निवास पहुंचे और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय श्री रामनाथ भारद्वाज जी की धर्मपत्नी तथा नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी रमाकांत सोनी एवं वरिष्ठ फोटोग्राफर राजेश सोनी की माताजी श्रीमती सीताबाई का जीवन सादगी, धार्मिकता और संस्कारों से परिपूर्ण रहा। अंतिम समय तक उन्होंने अपनी दिनचर्या के कार्य स्वयं कर आत्मनिर्भरता और अनुशासित जीवन का परिचय दिया।नगर के तुलसी नगर कॉलोनी स्थित गायत्री मंदिर के निर्माण एवं धार्मिक गतिविधियों में उनका विशेष योगदान रहा।
मंदिर के लिए भूमि उपलब्ध कराने से लेकर धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए उन्होंने समाज को धर्म और संस्कारों से जोड़ने का कार्य किया। नवरात्रि पर्व सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति लोगों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जाती थी।
उनके निधन की खबर से नगर में गहरा दुःख देखा गया। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण रही कि उन्होंने अपने व्यवहार, स्नेह और सेवा भाव से समाज में विशेष स्थान बनाया था। अंतिम यात्रा के दौरान वातावरण गमगीन रहा और लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
समाजजनों ने कहा कि श्रीमती सीताबाई का जीवन सेवा, संस्कार और धर्म के प्रति समर्पण का उदाहरण था। उनका स्नेहपूर्ण व्यवहार एवं समाज को साथ लेकर चलने की भावना सदैव स्मरणीय रहेगी।








