सर्किल नंबर 12 ने जिले में सबसे पहले पूरा किया प्रथम चरण का कार्य, अधिकारियों ने किया सम्मानित
चौरई :(CTV) देश की विकास योजनाओं और नीति निर्धारण की आधारशिला मानी जाने वाली जनगणना के प्रथम चरण में चौरई के कर्मचारियों ने अनुकरणीय कार्य करते हुए जिले में सबसे पहले निर्धारित समय से पूर्व अपना दायित्व पूर्ण कर मिसाल पेश की है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर, फील्ड ट्रेनर एवं प्रगणकों को अनुविभागीय कार्यालय में प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

सर्किल नंबर 12 के सुपरवाइजर मदन सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना का कार्य अत्यंत जिम्मेदारी और धैर्य का कार्य होता है, जिसमें प्रत्येक घर तक पहुंचकर सही जानकारी संकलित करनी होती है। इसके बावजूद टीम ने पूरी निष्ठा, समर्पण और समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए जिले में सबसे पहले प्रथम चरण पूर्ण किया।
अधिकारियों ने कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है कि यदि टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए तो कठिन से कठिन लक्ष्य भी समय से पहले प्राप्त किए जा सकते हैं।

सम्मानित होने वाले प्रगणकों में स्वाति पाठक, उषा मरकाम, मनोज कुमार शर्मा, प्रीतम सिंह चौहान, करतार सिंह चौहान, विवेक कुमार मिश्रा तथा सर्किल नंबर 12 के सुपरवाइजर मदन सिंह ठाकुर शामिल रहे।
सम्मान समारोह के दौरान अनुभाग जनगणना अधिकारी प्रभात मिश्रा, चार्ज जनगणना अधिकारी उमराज सिंह ठाकुर, सहायक चार्ज जनगणना अधिकारी चरण सिंह धुर्वे एवं जनगणना लिपिक प्रहलाद सोनी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस सम्मान से अन्य प्रगणना कर्मचारी भी प्रेरित होंगे और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कैमरा मैन शुभांशु के साथश्याम चौरसिया की रिपोर्ट








