Home अपना शहर पुलिस वाहन और स्कॉर्पियो की भिड़ंत, टीआई सहित चार पुलिसकर्मी घायल

पुलिस वाहन और स्कॉर्पियो की भिड़ंत, टीआई सहित चार पुलिसकर्मी घायल

सिहोरामाल के पास हुआ हादसा, एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा

चौरई: (CTV) चौरई थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहोरामाल के पास सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और पुलिस वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चौरई थाना प्रभारी टीआई मोहन मर्सकोले सहित चार पुलिस जवान घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है

प्राप्त जानकारी के अनुसार चौरई थाना पुलिस की टीम एक आरोपी को लेकर सरकारी वाहन से छिंदवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पुलिस वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस वाहन के एयरबैग समय पर खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और वाहन में सवार पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की जान बच सकी। हादसे में टीआई मोहन मर्सकोले, सब इंस्पेक्टर राजकुमारी बघेल सहित अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी अजय पांडेय और एएसपी आदित्य तारे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने डॉक्टरों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वहीं डायल-112 टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

कैमरा मैन शुभांशु के साथश्याम चौरसिया की रिपोर्ट